पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के जबलपुर में खेत में कचरा फेंकने के विवाद पर किसान पर लाठियों से हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए किसान ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी खेत मालिक और उसके दो भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पाटन थाना से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रमपुरा निवासी डाल चंद्र सिंह (55) विगत 30 सितंबर को अपने खेत में काम कर रहा था। इस दौरान कचरा डालने की बात पर उनका पड़ोसी खेत मालिक धर्मेंद्र सिंह से विवाद हो गया। उसके बाद धर्मेंद्र और उसके दो भाइयों ने किसान पर लाठियों से हमला कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि उसके बाद घायल किसान को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था। लेकिन इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों में दबिश दी जा रही है।