जबलपुर जिले के शहपुरा थाना अंतर्गत ग्राम घंसौर में घर में घुसे तीन नकाबपोश व्यक्तियों ने बहू के साथ सो रही महिला की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद बहू ने परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सूचना मिलने पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया है। पुलिस प्रकरण को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी है।
एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहपुरा थाना अंतर्गत ग्राम घंसौर निवासी मुन्नालाल पटेल किसी कार्य से जबलपुर गया हुआ था। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात उसकी पत्नी हीरा बाई उम्र 43 साल अपनी बड़े बेटी की पत्नी के साथ घर में सो रही थी। इसके अलावा उसका मंझला बेटा अपनी पत्नी के साथ दूसरे कमरे में तथा छोटा बेटा अलग कमरे में सो रहा था। बड़ा बेटा रात में खेत गया हुआ था।
बड़ी बहू ने पुलिस को बताया कि रात में दरवाजे की कुंडी खुली हुई थी। तीन नकाबपोश व्यक्ति लगभग एक बजे घर के अंदर आए और साथ सो रही सास की गर्दन पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। सास की हत्या होती देख वह भयभीत हो गई और किसी प्रकार का विरोध नहीं किया। आरोपियों के फरार होने के बाद उसने घटना के संबंध में परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने सूचना मिलने पर लाश को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया है। पुलिस प्रकरण को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।