ओंकारेश्वर बांध के बारिश में पहली बार 9 गेट खोले
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है, क्योंकि इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांधों के गेट पहली बार इस बरसात में खोले गए हैं। नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
ओंकारेश्वर बांध परियोजना के प्रमुख धीरेंद्र द्विवेदी ने बताया कि 2024 में ओंकारेश्वर बांध के गेट पहली बार खोले गए हैं। खंडवा जिला प्रशासन एवं ओंकारेश्वर प्रशासन पुलिस प्रशासन ने ओंकारेश्वर बांध के नीचे मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं गुजरात सहित खंडवा, खरगोन, देवास, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, धामनोद, महेश्वर, मंडलेश्वर, सनावद, बड़वाह प्रशासन पुलिस विभाग को सूचित कर दिया था कि दोनों ही बांधों के गेट खोले जा रहे हैं। नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ेगा, इसलिए सुरक्षा के प्रथम बंदोबस्त करें।
खंडवा कलेक्टर अनूप कुमार सिंह एसपी मनोज राय ने पुनासा एसडीएम शिवम प्रजापति, ओंकारेश्वर थाना प्रभारी अनोक सिंधिया को सुरक्षा करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने भी नर्मदा किनारे लगी दुकान एवं लोगों को पहले ही सूचित कर ऊपर भेज दिया था। ओंकारेश्वर बांध के डीजीएम संजय कुमार ने बताया कि ओंकारेश्वर बांध के गेट 4:30 बजे खोले गए। तीन गेट डेढ़ मीटर तक, दो गेट एक मीटर तक और चार गेट आधा मीटर खोलकर नर्मदा नदी में 1984 क्यूमेक तथा विद्युत गृह से 1896 क्यूमेक, कुल मिलाकर 3880 क्यूमेक पानी छोड़ा गया।