जबलपुर में मामा को देख लेने की धमकी देकर घर से लाखों के कीमती जेवर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से चुराए हुए छह लाख रुपये कीमत के जेवर भी बरामद किये हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि विगत 13 जून को बरेला पुरानी चक्की के समीप निवासी बर्तन व्यापारी श्रीकांत चौकसे ने रिपोर्ट दर्ज करायी थी। इसमें उन्होंने बताया था कि आठ माह पूर्व नये व पुराने जेवरों से भरा हुआ बैग उन्होंने अपने घर की आलमारी में रखा था, जिसमें सोने की 27 अंगूठी, एक बाजूबंद, तीन मंगलसूत्र, आठ नथ, डायमण्ड की लौंग, दो जोड़ बाला, दो कड़े, हार, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी झाला, एक लाकेट और 10 मोती रखे थे, जो कि गायब था। कोई अज्ञात चोर अलमारी में रखा जेवरों का बैग जिसमें छह लाख रुपये कीमती सोने के जेवर रखे थे, चोरी कर ले गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने घर के चौदह वर्षीय बालक से पूछताछ की, जिसने बताया कि बरेला निवासी अंशुल साहू पिता अशोक साहू उम्र 23 वर्ष एवं अंशुल साहू पिता मुन्नालाल साहू उम्र 22 वर्ष तथा आयशा नगर अधरताल निवासी अदनान उम्र 21 वर्ष के द्वारा डरा धमकाकर घर से जेवर चोरी करवाना बताया। तीनों को सरगर्मी से तलाश कर अभिरक्षा में लेते हुये घर से चुराये हुये कीमती लगभग छह लाख रुपये के जेवर बरामद किये गये।