जबलपुर के धनवंतरी नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी (बीपीटी) की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने किराए के अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना से अपार्टमेंट परिसर सहित आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। आत्महत्या करने वाला युवक भानु मोहर, मूलतः दतिया का निवासी था और जबलपुर के धनवंतरी नगर स्थित यश हाइट अपार्टमेंट में किराए से रहकर बीपीटी की पढ़ाई कर रहा था।
संजीवनी नगर थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह भानु ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में छात्र के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पढे़ं: आधी रात बालकनी में खून…सुबह बुझ गई मासूम की जिंदगी, गोली लगने से छात्र की मौत
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस छात्र के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के जबलपुर पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।