राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 24 अक्टूबर से जबलपुर के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे महाकौशल प्रांत के कॉलेजों में पढ़ने वाले युवा स्वयंसेवकों यानी Gen-Z से संवाद करेंगे। 25 अक्टूबर को आयोजित शिविर में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है। इसके अलावा वे संघ के स्थानीय पदाधिकारियों और प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और समसामयिक विषयों पर चर्चा करेंगे।
25 अक्टूबर को युवा स्वयंसेवकों से संवाद
संघ के महाकौशल प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद कुमार के अनुसार मोहन भागवत 25 अक्टूबर को महाकौशल प्रांत के महाविद्यालयीन स्वयंसेवकों के शिविर को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए वे युवा स्वयंसेवकों से सीधे संवाद करेंगे। महाकौशल प्रांत, संघ के मध्य क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसमें 38 राजस्व जिले शामिल हैं, जिनके संभागीय मुख्यालय जबलपुर, सागर और रीवा में हैं।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली: शौक पूरे करने चोरी की रकम से खरीदीं महंगी गाड़ियां, बरगवां पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा
पहले दिन स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बैठक
मोहन भागवत अपने दौरे के पहले दिन 24 अक्टूबर को जबलपुर में संघ के प्रमुख स्थानीय पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान मुख्य शिक्षक और नगर स्तर के वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
26 अक्टूबर को प्रांतीय कार्यकारिणी के साथ मंथन
दौरे के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को भागवत महाकौशल प्रांत की कार्यकारिणी और विभाग टोली के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसमें संघ के संगठनात्मक कार्यों, गतिविधियों और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही आगामी कार्ययोजना को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
संघ की ओर से युवा पीढ़ी से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में मोहन भागवत का यह दौरा कॉलेज जाने वाले स्वयंसेवकों के साथ संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।