शहपुरा-भिटौनी स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शार्ट सर्किट के कारण आग भड़क गयी। दुकान में टायर व ऑयल रखे होने के कारण आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू प्राप्त किया जा सका। आग के कारण 24 लाख का माल जलकर खाक हो गया।
शहहपुरा थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर से प्राप्त जानकारी के अनुसार भिटौनी में रूपेष ताम्रकार की ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान के सामने ही ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जिसमें अक्सर शॉर्ट सर्किट होने के कारण चिंगारी निकलती रहती है। दरम्यानी रात भी शार्ट सर्किट होने के कारण चिंगारी ऑटो पार्ट्स दुकान तक पहुंच गयी। दुकान में टायर व ऑयल रखे हुए थे। जिसके कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों दूर तक दिखाई दें रही थी।
आग को बढ़ता देख क्षेत्रीय नागरिकों ने शाहपुरा पेट्रोल डिपो तथा पुलिस को सूचित किया। शाहपुरा पेट्रोल डिपो के दमकल विभाग की टीम ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू प्राप्त किया। घटना के संबंध में पीड़ित दुकान संचालक ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत को जांच में लेकर विवेचना प्रारंभ कर दी है। दुकान के समीप ही बैंक तथा अन्य दुकान लगी हुई थी। आग पर समय रहते काबू प्राप्त नहीं किया जाता तो आग बैंक व अन्य दुकान तक पहुंच सकती थी।