मध्यप्रदेश के जबलपुर-दमोह मार्ग पर तेंदूखेड़ा के पास एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने हर किसी की रूह तक कंपा दी। दरअसल, यहां एक कार खाई में गिरकर पलट गई, जिससे कार सवार लोग घायल हो गए। इस दौरान कुछ लोग घायलों की मदद करने आए, जिन्हें पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। ऐसे में मददगारों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद बस भी पलट गई, जिससे पांच मुसाफिर घायल हो गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
सबसे पहले पलटी कार
जानकारी के मुताबिक, सागर जिले के सुरखी से जबलपुर जा रही एक कार हड़ऊ की टेक के पास खाई में गिर गई। इस कार में लकवाग्रस्त फूलरानी बाई (62) सवार थीं, जिन्हें उनके तीन परिजन इलाज के लिए जबलपुर ले जा रहे थे। इस हादसे में हादसे में कार सवार लोगों को मामूली चोटें आईं।
मदद के लिए रुक गए बाइक सवार
बताया जा रहा है कि इस हादसे को देखकर बाइक से गुजर रहे जेतगढ़ पौड़ी निवासी रूपलाल विश्वकर्मा और उनके दो अन्य साथी रुक गए। तीनों ने अपनी बाइकें सड़क पर ही खड़ी कर दीं और घायलों की मदद करने लगे।
तेज रफ्तार बस ने मददगारों को कुचला
जानकारी के मुताबिक, इस दौरान बारातियों से भरी बस तेज रफ्तार से गुजरी। उसने रूपलाल विश्वकर्मा, उनके दो साथियों और फूलरानी पटेल को कुचल दिया। इससे रूपलाल और उनके दोनों साथियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फूलरानी बुरी तरह घायल हो गईं।
हादसे के बाद बस भी पलटी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवारों को कुचलने के बाद ड्राइवर ने बस पर नियंत्रण खो दिया और वह भी पलट गई। बारातियों से भरी यह बस इंदौर से शाहपुरा भिटौनी जा रही थी। इस हादसे में बस सवार पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस में सवार घायलों को अस्पताल भिजवाया।