जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा के 70 वर्ष की आयु सीमा पार करने के बावजूद पद पर बने रहने को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। जस्टिस विशाल घगट की एकलपीठ ने याचिका पर सुनवाई करते हुए अनावेदकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
ये भी पढ़ें-
भस्म आरती में महाकाल का शृंगार देख भक्त रह गए दंग, भांग से टीका बनाकर फूलों से सजाया फिर चढ़ाई भस्म
जबलपुर निवासी डॉ. सत्येंद्र यादव की तरफ से दायर याचिका में कहा गया है कि यूजीसी के नियमों के अनुसार कुलगुरु पद पर बने रहने के लिए अधिकतम आयु सीमा 70 वर्ष निर्धारित है। डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को 17 नवंबर 2022 को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था। उनकी जन्म तिथि 1 जुलाई 1956 है और वे निर्धारित आयु 30 जून को पूरी कर चुके हैं। याचिका में राज्यपाल कार्यालय द्वारा बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु की नियुक्ति के दौरान 70 वर्ष की अधिकतम आयु सीमा निर्धारित किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के फैसलों प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी विरुद्ध रवींद्र जुगरान और पश्चिम बंगाल राज्य विरुद्ध अनिंद्य सुंदर दास के प्रकरण में जारी आदेश का हवाला दिया गया है।
याचिका में कहा गया है कि निर्धारित आयु पार करने के बावजूद उनका कुलगुरु के पद पर बने रहने को अवैधानिक है। याचिका में राहत चाही गई है कि राज्य शासन व राजभवन को नए कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जाएं। इसके अलावा अंतरिम राहत के रूप में उन्हें कुलगुरु के रूप में कार्य करने और किसी भी प्रकार के निर्णय लेने पर रोक लगाई जाए।