राजस्थान घूमने गये अधारताल थानान्तर्गत निवासरत परिवार के साथ करीब छह आरोपियों ने हमला लूटपाट करने के बाद 13 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया। परिवार ने जबलपुर लौटने के बाद घटना की रिपोर्ट अधारताल थाने में दर्ज करवाई है। अधारताल पुलिस ने शून्य के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना के लिए केस डायरी राजस्थान पुलिस को भिजवा दी है।
अधारताल थाना प्रभारी प्रवीण कुमार कुमरे से मिली जानकारी के अनुसार अधारताल निवासी परिवार एक पखवाड़ा पहले घूमने के लिए राजस्थान गया था। परिवार की पीड़ित महिला ने विगत 9 दिसंबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई कि कोटा स्थित प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन कर वापस जबलपुर लौट रहे थे। कोटा के बूंदी रोड इलाके में उनकी वैन एक स्थानीय होटल के सामने रुकी थी। तभी अचानक छह से अधिक बदमाशों आये और उनकी वैन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को धमकाते हुए मारपीट की और रुपये और सामान लूट लिया। आरोपी युवक उसकी 13 वर्षीय बच्ची का अपहरण अपने साथ ले गये।