जबलपुर में क्राइम ब्रांच की टीम ने लार्डगंज और गोरखपुर पुलिस के साथ मिलकर तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल, तीन कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया। आरोपियों में सुहागी निवासी अंकित सोनी भी शामिल है, जिस पर ₹5,000 का इनाम घोषित था।
अंकित सोनी पर पहले से थे गंभीर आरोप
लार्डगंज पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि अधारताल सुहागी पन्नी मोहल्ला निवासी अंकित सोनी जीरो डिग्री क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर 24 वर्षीय अंकित को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए।
अंकित ने गैंगस्टर रतन यादव पर ग्वारीघाट में फायरिंग की थी और डेढ़ साल से फरार था। रतन यादव, पुलिस एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात गैंगस्टर विजय यादव का भाई था।
गोरखपुर पुलिस ने पकड़ा दूसरा आरोपी
क्राइम ब्रांच की दूसरी कार्रवाई में गोरखपुर पुलिस ने कैलाशपुरी गुप्तेश्वर निवासी नीरज तिवारी (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया।
तीसरी कार्रवाई लार्डगंज क्षेत्र में
तीसरी गिरफ्तारी रामपुर रामनगर निवासी 19 वर्षीय निहाल केवट की हुई, जिसे एक बटनदार चाकू के साथ पकड़ा गया। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे और किन वारदातों में इनका उपयोग किया जाना था।