जबलपुर जिले के भेड़ाघाट थाना क्षेत्रातंर्गत ग्राम गोपालपुर में नर्मदा नदी के किनारे एक किशोरी तथा एक युवक के शव चुनरी से बंधे हुई मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों के शव जलीय जंतुओं ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए। पुलिस ने शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक की शिनाख्त जबलपुर निवासी युवक तथा मृतिका की शिनाख्त औरंगाबाद निवासी किशोरी के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें-
गजब हो गया!: स्पीड ब्रेकर से ऐसा उछला वाहन कि शव भी खांसने लगा, झटके से लौट आए प्राण, हैरान कर देगा मामला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी के अनुसार ग्राम गोपालपुर में नर्मदा नदी के किनारे एक किशोरी तथा युवक के शव चुनरी से बंधी हुई मिलने की जानकारी मिली थी। पानी में पड़े होने के कारण दोनों के शव फूल गए थे तथा जलीय जंतुओं ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मृतक युवक की शिनाख्त गोरखपुर गुरुद्वारा के समीप निवासी 19 वर्षीय ईशांत स्टीफन के रूप में हुई है। मृतिका की औरंगाबाद निवासी नाबालिग किशोरी के रूप में हुई है। युवक के खिलाफ औरंगाबाद में किशोरी का अपहरण करने का प्रकरण भी दर्ज है। घटना के संबंध में दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मृतिका के परिजन अभी तक जबलपुर नहीं पहुंचे हैं।
युवक की मोटरसाइकिल गत दिवस तिलवारा घाट थाना अंतर्गत मिली थी। लोगों ने दोनों के एक साथ घूमते हुए देखा भी था। संभवत: प्रेम प्रसंग के कारण दोनों ने नर्मदा नदी में कूदकर आत्महत्या की है। दोनों के साथ कोई घटना तो घटित नहीं हुई इस संबंध में भी जांच जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया है।