प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से आक्रोशित प्रेमी ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। लापता युवती का शव पुलिस को जंगल से मिला था। युवती पांच अप्रैल से लापता थी और 22 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। बालाघाट पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने बताया कि हट्टा थानान्तर्गत ग्राम लिम्देवाड़ा निवासी 23 वर्षीय युवती पूर्णिमा पांच अप्रैल से लापता थी। युवती का विवाह 22 अप्रैल को निर्धारित था और परिजन तैयारी में लगे हुए थे। युवती का शव बीती शाम (शुक्रवार) भरवेली थानान्तर्गत गांगुलपारा और बंजारी घाटी के बीच जंगल से बरामद हुआ। शव के डिस्पोज होने के कारण परिजनों ने उसकी शिनाख्त कपड़े और चप्पल से की थी।
युवती की हत्या घातक हथियार से गला रेतकर की गयी थी। पुलिस ने फोन कॉल डिटेल के आधार पर गिरजाशंकर पटले निवासी मोहगांव कला को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार किया। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और युवती की शादी तय होने के कारण उसने वारदात को अंजाम दिया था। युवक घुमाने के बहाने युवती को जंगल ले गया गया था और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302,201 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी वैवाहिक समारोह में वीडियो शूटिंग का काम करता है।