मध्य प्रदेश के जबलपुर में दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक सवार युवक-युवती को ट्रक रौंदता हुआ चला गया। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
जबलपुर के मझौली थानांतर्गत साप्ताहिक बाजार में ओवरटेक करने के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक-युवती ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गए। ट्रक दोनों को रौंदता हुआ चला गया। दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई।
मझौली थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा के अनुसार शनिवार को मझौली-सिहोरा रोड पर साप्ताहिक बाजार लगता है। सिहोरा वार्ड न. 5 की रहने वाली 19 वर्षीय प्रान्या श्रीवास्तव अपने दोस्त प्रिंस सेन (23) के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से किसी कार्य से मझौली आई थी। दोनों बाइक से ही लौट रहे थे। सेंट्रल बैंक के सामने बाइक चला रहे युवक ने ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 3235 को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी समय उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों ट्रक के पिछले पहियों के नीचे आ गए। ट्रक रफ्तार में था तो वह भी दोनों के सिरों को रौंदते हुए आगे निकल गया।
सूचना के बाद पुलिस पहुंची और शवों की शिनाख्त की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पंचनामा की कार्रवाई की गई। उधर घटना के बाद ट्रक चालक घटनास्थल पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।