मध्य प्रदेश के जबलपुर में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल है। कार और बाइक के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इसके बाद बाइक का पेट्रोल टैंक फूट गया और उसमें आग लग गई।
कटंगी थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह का कहना है कि हादसा सोमवार रात 8 बजे हुआ। जबेरा थाना क्षेत्र के ग्राम घाना के रहने वाले आनंद प्रधान उम्र 20 साल, महेश उम्र 18 साल और ब्रजेश गौड़ उम्र 15 साल एक ही बाइक पर घर लौट रहे थे। कटंगी के 6 किमी आगे श्रद्धाधाम आश्रम के पास उनकी बाइक की सीधी टक्कर कार क्रमांक MP22-CA-5129 से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार युवक दूर जा गिरी। सिर पर चोट लगने की वजह से आनंद और महेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ब्रजेश गंभीर रूप से घायल है। टक्कर के कारण बाइक की टंकी फूट गई। इससे बाइक में आग लगी और वह जलकर खाक हो गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।