हत्या करने की योजना बनाते दो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विशास ढाबे के पास से दो बदमाश को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से हथियार जब्त हुए हैं। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे डेढ़ लाख रुपये में हत्या करने की डील कर चुके थे और हत्या की योजना बना रहे थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 दिसंबर को पवन सचान ने सूचना दी कि मेरे कर्मचारी विकल्प चौरसिया को संदीप सिंह एवं बाबू बजाज धमकी भरे फोन कर रहे हैं। थाना कोतवाली मंडला ने प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। पवन ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के नाम से नैनपुर शराब का ठेका है। 07 दिसंबर को संदीप सिंह का ग्राम हिरदेनगर में गांव वालों के साथ झगड़ा हुआ। संदीप सिंह पर हिरदेनगर चौकी पर अपराध कायम हुआ। संदीप सिंह उस झगड़े को लेकर मेरे ऊपर शक करता है। बदला लेने की नीयत से मुझे एवं मेरे कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने लगा।
पुलिस को सायबर सेल से एवं मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बाबू विशाल ढाबा के पास अपने एक अन्य साथी के साथ देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बाबू उर्फ राजेश बजाज पिता ढालूमल बजाज उम्र 25 साल निवासी पोस्ट आफिस के सामने मेनरोड रघुनाथगंज कटनी बताया। उसके साथ विशाल पिता भजनलाल चौधरी निवासी जबलपुर भी था। बाबू ने बताया कि हम दोनों की संदीप सिंह पिता स्व. प्रयागराज सिंह निवासी मंडला से 1,50,000 रूपये मे पवन उर्फ पप्पू सचान को जान से मारने की डील हुई है। बाबू उर्फ राजेश के कब्जे से एक चाकू तथा विशाल के कब्जे से बकानुमा तलवार तथा लोवर की जेब से एक उस्तरा जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।