स्वयं सिद्धा अभियान के तहत इंदौर पुलिस की टीम पहुंची महिला आईटीआई कॉलेज में, छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के तरीकों के साथ ही, पुलिस के हेल्पलाइन नंबर्स Helpline Number से भी कराया अवगत।
महिला अपराधों की रोकथाम एवं महिला सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए इंदौर पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर के दिशा निर्देशन में यह कार्यक्रम चल रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) जगदीश डावर एवं अति. पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) प्रियंका डुडवे ने इसके लिए स्वयं सिद्धा अभियान शुरू किया है। इसके अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकार, उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं उनकी सुरक्षा हेतु जानकारी दी जाती है। इसी उद्देश्य से सहायक पुलिस आयुक्त (महिला सुरक्षा ) अपूर्वा किलेदार, टीम के साथ आईटीआई महिला कॉलेज में पहुंची।
विज्ञापन
सहायक पुलिस आयुक्त एवं टीम ने छात्राओं को महिला अपराधों एवं उनकी सुरक्षा हेतु विभिन्न प्रावधानों आदि के बारे में जागरूक किया। उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर और मोबाइल एप के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही किसी विकट परिस्थिति में वह अपनी सुरक्षा किस प्रकार करें इसको लेकर एक्सपर्टस द्वारा छात्राओं को सेल्फ डिफेंस के विभिन्न तरीके भी बताए गए।