गाड़ियोंं के शीशे फोड़ने के मामले में तीन नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है
इंदौर में तीन नाबालिगों द्वारा शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में उत्पात मचाते हुए कई चार पहिया वाहनों में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग एक एक्टिवा पर सवार होकर घर से निकले थे। इनमें से एक नाबालिग अपनी दादी की एक्टिवा लेकर दोस्तों के साथ घूमने निकला था। इसके बाद तीनों ने शराब का सेवन किया और राजनगर तथा चंदन नगर क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए। मामले की जानकारी उस समय सामने आई, जब क्षेत्र के रहवासियों ने अपनी गाड़ियों के शीशे टूटे हुए देखे और पुलिस को सूचना दी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया है। डीसीपी नरेंद्र रावत के मुताबिक तीनों नाबालिग मल्हारगंज और एरोड्रम थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनके द्वारा राजनगर और चंदन नगर इलाके में चार से पांच चार पहिया वाहनों के शीशे तोड़े गए हैं। पुलिस द्वारा तीनों से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने किन परिस्थितियों में इस तरह की वारदात को अंजाम दिया।
ये भी पढ़ें-
पहले घर-नौकरी का लालच, फिर धर्म बदलने का दबाव; सतना में महिला समेत तीन पर केस, हिरासत में आरोपी
डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि नाबालिगों द्वारा किया गया यह कृत्य गंभीर है। पुलिस मामले में उनके परिजनों और स्कूल प्रबंधन से भी बातचीत करेगी, ताकि बच्चों के भविष्य पर इसका नकारात्मक प्रभाव न पड़े। साथ ही बच्चों पर वैधानिक रूप से निगरानी रखने और उन्हें दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल होने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस तीनों नाबालिगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है। तो वहीं प्रारंभिक रूप से पुलिस इस पूरे ही मामले में तोड़फोड़ करने वाले नाबालिगों के परिजनों के खिलाफ भी बॉण्ड ओवर की कार्रवाई कर रही है।