इंदौर में बढ़ते अपराध चिंता का कारण बनते जा रहे हैं। अब एक युवती ने अपने लिव इन पार्टनर को चाकू मार दिए, वह इसलिए नाराज थी कि युवक उसके साथ नहीं रहना चाहता था। घायल युवक को पड़ोस में रहने वाले लोग अस्पताल ले गए और मामला पुलिस तक पहुंचा। दोनों के बीच आए दिन विवाद होते रहते थे।
जानकारी के अनुसार घटना इंदौर के लसुडिया क्षेत्र की सिंगापुर एनएक्स कॉलोनी की है। मैकैनिकल इंजीनियर भूपेंद्र सिंह वंदना चौहान के साथ लिव-इन में रहते है। वंदना स्पा संचालित करती है। दोनो के बीच आए दिन विवाद होते रहते थे। भूपेंद्र दो दिन पहले घर छोड़कर चला गया था और फिर घर पर रखी गाड़ी और कपड़े लेने आया था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। वंदना चाहती थी कि वह घर से कुछ न ले जाए। भूपेंद्र जब गाड़ी उठाकर जाने लगा तो वंदना ने पहले बैट से उसकी पिटाई कर दी।
फिर भी भूपेंद्र नहीं माना तो उसे रोकने के लिए वंदना ने सब्जी काटने का चाकू उठा लिया और उसके आस-पास हवा में लहराने लगी। भूपेंद्र के बाएं हाथ में चाकू लग गया और खून बहने लगा। वंदना ने एक और वार किया। खून बहते देख वंदना थोड़ा डर गई और झगड़ना बंद कर दिया। भूपेंद्र फ्लैट से बाहर निकला तो आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और भूपेंद्र को अस्पताल पहुंचाया।
छोटी-छोटी बातों पर मुझसे झगड़ती है
भूपेंद्र ने बताया कि वंदना छोटी-छोटी बातों पर झगड़ती है और गुस्सा करने लगती है। झगड़ा तो हमेशा होता था, लेकिन अब मैंने ठान लिया था कि उसके साथ नहीं रहूंगा और घर से अपना सामान लेने आया था। इससे नाराज होकर उसने चाकू से वार कर दिया। लसुडिया पुलिस ने युवती के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।