बागड़ी को हटाने के बाद नही पो पाया फैसला।
- फोटो : SOCIAL MEDIA
इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जल्दी उम्मीदवार तय करने की घोषणा करने वाली कांग्रेस कई जिलों में शहर अध्यक्ष ही तय नहीं कर पा रही है। प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर के नगर अध्यक्ष पद की कुर्सी खाली है, जबकि चुनावी साल में मंडल से लेकर बूथ स्तर तक तैयारियां करना होती है।
तीन माह पहले 23 जनवरी को अरविंद बागड़ी को इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन उनका विरोध होने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस पद पर नियुक्ति को होल्ड पर रख दिया। उसके बाद से अभी तक इस पद पर नियुक्ति नहीं हुई, जबकि कुर्सी की चाह रखने वाले दावेदार इंदौर से लेकर दिल्ली तक अपनी गोटें जमा चुके हैं। प्रदेश के नेताअेां का कहना है कि उन्होंने नाम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेज दिया है। नाम की घोषणा वहीं से होना है।
विवाद के कारण तीसरा नाम संभव
बागड़ी का विरोध होने के बाद गोलू अग्निहोत्री का नाम दावेदारों की दौड़ में सबसे आगे है। कई पार्षदों ने भी भोपाल जाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के सामने उनकी पैरवी की, लेकिन बागड़ी और अग्निहोत्री के विवाद के चक्कर में शहर अध्यक्ष पद के लिए तीसरा नाम आ सकता है। इनमें पूर्व विधायक अश्विन जोशी और सुरजीत सिंह चड्ढा के नाम भी चर्चा में हैं। पिछले दिनों जब कमलनाथ इंदौर आए थे तो उनसे इंदौर के अध्यक्ष पद को लेकर सवाल पूछे गए थे। तब उन्होंने कहा था कि सभी से चर्चा के बाद नाम घोषित हो जाएगा।
दिल्ली से होगी घोषणा : शेखर
प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने कहा कि इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से नाम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को दिल्ली भेज दिया गया है। घोषणा वहां से होगी।