इंदौर मेें नया स्वीमिंग पूल तैयार।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर की स्कीम-१४० स्वीमिंग पूल पर इंदौर विकास प्राधिकरण ने दस करोड़ रुपये खर्च किए है। पूल का सीविल वर्क पूरा हो चुका है। अब स्वीमिंग पूल को भरने के लिए प्राधिकरण ने नगर निगम से नर्मदा का कनेक्शन मांगा है, वैसे अलग से यहां बने तीन स्वीमिंग पूलों को भरने के लिए एक हजार टैंकर पानी की व्यवस्था भी प्राधिकरण को करना होगी, ताकि पूल की टेस्टिंग भी हो सके।
शहर में नगर निगम के दो स्वीमिंग पूल है, लेकिन उनमें ऐसी सुविधाएं नहीं है जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाएं हो सके। प्राधिकरण ने स्कीम-१४० में स्पोटर्स काम्पलेक्स में तीन पूल तैयार कराए है। दूसरे चरण में यहां फिल्टर प्लांट लगाया जा रहा है। इसके अलावा ऐसे उपकरण भी लगाए जाएंगे, जो पानी का तापमान नियंत्रित कर सकेंगे।
स्पर्धा के लिए दस लेन का पूल
अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के मापदंडों के आधार पर तैयार किए गए पूलों में एक पूल १० लेन का तैयार किया गया है। इसकी गहराई तीन मीटर है। दूसरा डायविंग पूल भी लगभग तैयार है। उसकी दस मीटर रखी गई है। स्वीमिंग पूल में दर्शकों के लिए शेड तैयार करने का काम भी चल रहा है। शेड के उपर सोलर प्लांट लगाए जाएंगे, ताकि बिजली खर्च कम हो सके।
फीना से मांगी अनुमति
आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने बताया कि हमने पूल को अंतरराष्ठ्रीय मानकों के हिसाब से तैयार किया है। पूल के लिए इंटरनेश्नल स्वीमिंग फेडरेशन से अनुमति मांगी है। पूल के संचालन के लिए भी हमने टेंडर जारी किए है। छह माह के भीतर उपकरण लगाने का काम भी पूरा हो जाएगा।