शेयर बाजार में निवेश के बाद फायदे का लालच देकर ठगने वाले लगातार पकड़े जा रहे हैं। इंदौर में कई फर्जी निवेश कंपनियों के बाद अब इस तरह के ठग भी पकड़ में आ रहे हैं जो खुद को इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बताकर लोगों का पैसा लूट लेते हैं। इसी तरह के एक मामले में दौर क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी ने लोगों से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 68 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी कर ली। आरोपी पहले खुद एक रिसर्च कंपनी में काम करता था। इसके बाद वह इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बन गया। यहीं से उसने लोगों को ठगना शुरू किया। बाद में यह पैसा अपनी पत्नी के नाम दुकान खोलकर उसमें निवेश कर दिया।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपी ने साल 2021-22 में पर्सनल बैंक अकाउंट से शेयर मार्केट में लाखों रुपए निवेश कर लोगों को अधिक फायदे का लालच दिया। जब लोगों ने पैसा लगा दिया तो कुछ दिन के बाद वह मोबाइल बंद कर फरार हो गया। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी आशीष पुत्र राकेश साहू को पकड़ा है। आशीष भोपाल में कैंची छोला गली नंबर-1 का रहने वाला है जो फिलहाल सीहोर में शिवाजी नगर, कुलकुला मंदिर, इंग्लिश पुरा थाना के पास रह रहा था।
आरोपी 2016 में इंपेक्ट रिसर्च कंपनी में काम करता था। यहां से काम सीखने के बाद उसने मध्यम वर्गीय लोगों को अपनी बातों में फंसालकर निवेश के नाम पर लाखों रुपए लेना शुरू कर दिए। आरोपी ने पहले अपने अकाउंट में रुपए लेता था इसके बाद उसने पत्नी के नाम से सीहोर में हर्बल प्रोडक्ट की कंपनी खोली। उसने हर्बल प्रोडक्ट की एक दुकान भी यहां पर खोली। इसमें उसने लोगों का पूरा पैसा निवेश कर दिया। वह यहीं से डी मेट अकाउंट में लोगों के रुपए ट्रांसफर करता था। इसके लिए उसने खुद की एंजल ब्रोकरिंग फर्म भी बना ली थी। आशीष ने कई लोगों से 68 लाख रुपए से अधिक की ठगी की है। उससे पूछताछ कर पुलिस पता कर रही है कि पूरा पैसा उसने कहां कहां निवेश किया है और कितना खर्च कर दिया है।