मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इसी साल चुनाव होना हैं। सरकार के कामकाज और विधायकों को लेकर संघ के पास अपना फीडबैक है। संघ के फीडबैक के बाद बड़ी तादाद में मध्य प्रदेश में टिकट बदलना तय है। इन तमाम मुद्दों पर इंदौर में हुई संघ की समन्वय बैठक में चर्चा हुई। इसमें दोनों राज्यों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
चुनाव और आरएसएस के आगामी कार्यक्रमों को लेकर इंदौर में मध्य क्षेत्र की बड़ी बैठक आयोजित की गई। इसमें मध्य भारत, महाकौशल, मालवा और छत्तीसगढ़ प्रांत के संघ पदाधिकारी और अनुषांगिक संगठनों के प्रमुख शामिल हुए। आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही इस बैठक में भाग लेने के लिए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, शिव प्रकाश, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद सहित अन्य पदाधिकारी गुरुवार रात को ही इंदौर आ गए थे और शुक्रवार को दिनभर समन्यवय बैठक में शामिल हुए।
केशव विद्यापीठ में हुई बैठक
एरोड्रम रोड स्थित केशव विद्यापीठ में आयोजित इस बैठक में पिछले दिनों हरियाणा के सोमलखा में आयोजित प्रतिनिधि सभा की बैठक में हुए निर्णयों को अमल में लाने पर चर्चा की गई।
दो साल में एक लाख शाखाओं का लक्ष्य
संघ देशभर में शाखाएं बढ़ाने पर जोर दे रहा है। बैठक में कहा गया कि देश के युवा को जोड़ने के लिए शाखाओं का विस्तार होना जरूरी है। सरसह कार्यवाह मनमोहन वैद्य, अरुण कुमार, क्षेत्रीय संघ कार्यवाह अशोक सोहनी ने चारों प्रांतों में संघ के संचालित प्रकल्पों पर चर्चा की। बैठक में बताया गया कि संघ के दो साल बाद 100 वर्ष पूरे हो जाएंगे। फिलहाल देशभर में 60 हजार से ज्यादा शाखाएं संचालित हो रही हैं। दो सालों में इसे एक लाख तक करने का लक्ष्य रखा गया है। मध्यक्षेत्र के चारों प्रांतों में शाखाओं के विस्तार करने को कहा गया है।
कुटुंब प्रबोधन के जरिए परिवारों को जोड़ेगा संघ
बैठक में कुटुम्ब प्रबोधन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। इस प्रकल्प के जरिए संघ परिवारों को भी जोड़ रहा है। इसके तहत मोहल्ला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और परिवारों को टूटने से बचाने पर जोर रहेगा। संयुक्त परिवारों के बजाए एकल परिवारों का चलन बढ़ने से बच्चों में भारतीय संस्कारों की कमी आने होने लगे है। संघ संयुक्त परिवारों के लिए जागृति लाएगा। बैठक में बाल गोकुलम संस्कार केंद्रों पर भी चर्चा हुई।
मालवा प्रांत के कार्यालय को होगा उद्घाटन
बैठक में क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि इंदौर में मालवा प्रांत का नया कार्यालय तैयार हो रहा है। आगामी छह माह में यह तैयार हो जाएगा। इसका उद्घाटन संघ प्रमुख मोहन भागवत के हाथों करने की योजना संघ बना रहा है। उद्घाटन कब होगा, इसकी तिथि तय नहीं हुई है। अभी रामबाग इंदौर में संघ का अर्चना कार्यालय है। नया भवन समीप स्थित पंंतवैद्य काॅलोनी में तैयार हो रहा है।