साक्षी ने बीएससी और एलएलबी किया है।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष के विवाद के बीच शनिवार को अचानक महिला कांग्रेस अध्यक्ष को भी बदल दिया गया। बदलाव के तहत साक्षी शुक्ला डागा को नया अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले जया तिवारी इस पद पर थीं। साक्षी ने बीएससी, एलएलबी किया है। वे पांच साल से कोर्ट में प्रैक्टिस भी कर रही हैं।
अमर उजाला से बातचीत में साक्षी ने बताया कि उनका फोकस आगामी विधानसभा चुनावों पर है। इसके लिए उन्होंने पूरी रणनीति बना ली है। उन्होंने कहा कि इस बार बूथ का प्रभार महिलाओं को दिया जाएगा। आज के समय में महंगाई सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है और इससे महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। वही इस चुनाव में सरकार को बदलकर इस बात का अहसास करवाएंगी।
महिला अपराध कम करने पर देंगी ध्यान
साक्षी वकील हैं और वे महिलाओं के मामलों पर अधिक ध्यान देती हैं। उन्होंने कहा कि शहर में महिला अपराध बढ़ रहे हैं और वे कैंप, जागरूकता अभियानों के माध्यम से बस्तियों की महिलाओं को जोड़ेंगी।
राजनीतिक परिवार से हैं साक्षी
साक्षी के दादा कृपाशंकर शुक्ला इंदौर कांग्रेस के नामी नेता रहे हैं। उनके पिता अनिल शुक्ला भी पूर्व पार्षद रह चुके हैं। वे कमलनाथ के समर्थक रहे हैं।
महिला अध्यक्ष का विवाद भी चर्चा में रहा
शहर अध्यक्ष की तरह महिला कांग्रेस अध्यक्ष का विवाद भी लंबे समय से चल रहा है। कुछ समय पहले शोभा ओझा समर्थक शशि यादव को हटाकर विनय बाकलीवाल ने अपनी समर्थक जया तिवारी को अध्यक्ष बना दिया था। जया पहले भाजपा में थीं और कांग्रेस में आते ही उन्हें अध्यक्ष बना दिया गया था, उसके बाद से महिला कांग्रेस में लगातार बवाल चल रहा था। उन्हें महिला कांग्रेस की सदस्यों का ही समर्थन नहीं मिल रहा था। अब साक्षी को अध्यक्ष बनाया गया है। उम्मीद की जा रही है कि उनके आने से महिला कांग्रेस में फिर से नई जान आ जाएगी।