अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में शिलांग की जेल में बंद सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद अब अपनी बहन से मिलने शिलांग जाएगा। उसका कहना है कि पुलिस की जांच में सोनम हत्याकांड की आरोपी है, लेकिन मैं खुद उससे जाकर मिलूंगा और सचाई जानकर आऊंगा। बहन यदि गलत है तो उसे सजा होगी और यदि वह हत्याकांड में शामिल नहीं है तो फिर उसके साथ खड़ा रहूंगा।
गोविंद ने मीडिया से कहा कि गाजीपुर में सोनम से दो-तीन मिनट ही मिला था। तब उससे ठीक से बात नहीं हो पाई थी। अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि सोनम ने हत्या की है। मैंने पहले ही कहा है कि मैं राजा रघुवंशी परिवार के आज भी हूं और कल भी रहूंगा, लेकिन मुझे हत्याकांड का सच जानना है।
नार्को टेस्ट कराएं
गोविंद के बयान पर राजा के भाई विपिन रघुवंशी का कहना है कि हम पहले भी सोनम और उसके परिवार के नार्को टेस्ट की मांग कर चुके हैं। गोविंद कभी अपनी बहन का पक्ष ले रहा है तो कभी हमें कह रहा है कि वह हमारे परिवार के साथ है।
राजा की मां से मिलकर रोया था गोविंद
राजा रघुवंशी का शव मिलने के बाद गोविंद रघुवंशी जब इंदौर लौटा तो वह राजा की मां उमा से मिलने गया था और उनसे गले मिलकर रोया था। तब उसने उनसे कहा था कि वह सोनम को फांसी की सजा दिलाने में राजा के परिवार की मदद करेगा। गोविंद राजा के दसवें और तेरहवीं के कार्यक्रम में भी शामिल हुआ था। हत्याकांड को लेकर गोविंद और उसके परिवार से भी शिलांग पुलिस पूछताछ कर चुकी है।
जेल में बंद है सोनम
बता दें, राजा रघुवंशी हत्याकांड में पत्नी सोनम समेत पांच आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। मामले में अब तक कुल आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। गोविंद को बहन से मिलने के लिए शिलांग जेल जाना होगा।