दिसंबर माह के 20 दिनों में तीन परिक्षाएं आयोजित करने का विरोध रंग लाया। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग को आखिरकार झुकना पड़ा और राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2022 और सहायक कुलसचिव की परीक्षा तिथि आगे बढ़ाई। पहले राज्य सेवा परीक्षा दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित की गई थी, लेकिन उसे अब दस दिन आगे बढ़ा दिया गया है। आठ से 13 जनवरी के बीच राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2022 होगी।
पीएससी ने परीक्षा का नया शेड्यूल भी जारी कर दिया है।8 जनवरी को सामान्य अध्यक्ष-1 9 जनवरी को सामान्य अध्ययन-2, 10 जनवरी को सामान्य अध्ययन-3, 11 जनवरी को सामान्य अध्ययन-4, 12 जनवरी को सामान्य हिन्दी और व्याकरण,13 जनवरी को हिन्दी निबंध व प्रारुप लेखन की परीक्षा होगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा। उधर पीएससी ने सहायक कुलसचिव के साक्षात्कार भी फिलहाल रद्द कर दिए है। अभी उसकी नई तिथि घोषित नहीं हुई है।
मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग ने पहले दिसंबर माह में तीन परीक्षाएं आयोजित करने की घोषणा की थी। इससे अभ्यर्थी नाराज थे और कांग्रेस के नेतागणों ने भी आपत्ति दर्ज कराते हुए ट्वीट किए थे।
कांग्रेस नेता कम अंतराल मेें तीन परीक्षाएं कराने पर सवाल उठा रहे थे और आयोग के इस रवैये को छात्रों के प्रति असंवेदनशील बता रहे थे। अभ्यर्थियों ने इस मामले में पीएससी मुख्यालय प्रदर्शन किया था। इसके बाद लोक सेवा आयोग को भी परीक्षा की तिथियों में फेरबदल करना पड़ा। अब अभ्यर्थी दो से अधिक परीक्षा पर्याप्त तैयारी के साथ दे सकेंगे।