सार
सेन ने कहा कि डिजिटल वर्ल्ड ऐसा वर्ल्ड है, जहां आपके अकाउंट से अमेरिका, चीन से पैसा निकाल सकता है। हमें तकनीक के इस दौर में सतर्कता भी बरतनी होगी, यदि हम तकनीक को नहीं अपनाएंगे तो दस- पंद्रह साल पीछे रह जाएंगे।
अभ्यास मंडल की कार्यशाला में मुख्य वक्ता नरेंद्र सेन
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर में चल रही अभ्यास मंडल की 62वींं व्याख्यानमाला का शुक्रवार को सातवां दिन था। इस दिन के मुख्य वक्ता रैंक बैंक के संस्थापक नरेंद्र सेन ने 'डिजिटल इकोनॉमी में भारत का योगदान व अवसर' पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि 2020 के बाद तकनीक और मशीनें आपस में बातें करने लगी हैं। ये आपके मन की बातें भी जान लेती हैं। तकनीक आपका जीवन आसान कर रही है और रोजगार भी छीन रही है। आने वाले समय में जिसके पास डेटा होगा, वो ही भविष्य में सुपर पावर बनेगी। हम अक्सर सुनते हैं कि बैंक की लिंक फेल हो गई। या किसी पोर्टल का सर्वर डाउन है। यह डेटा सेंटर के कारण होता है।
सेन ने कहा कि डिजिटल वर्ल्ड ऐसा वर्ल्ड है, जहां आपके अकाउंट से अमेरिका, चीन से पैसा निकाल सकता है। हमें तकनीक के इस दौर में सतर्कता भी बरतनी होगी। यदि हम घबराकर तकनीक को नहीं अपनाएंगे तो दस- पंद्रह साल पीछे रह जाएंगे। सेन ने कहा कि हम पूरी दुनिया को डिजिटलाइज कर रहे हैं। कई बड़ी कंपनियों में देश के युवा हैं। तकनीक आती रहेगी जाती रहेगी, लेकिन हमारा कल्चर हमेशा जिंदा रहेगा।
सेन ने कहा कि ऐसा भी समय आने वाला है जब आपके घर मे रोबोट बर्तन धोएगा। हेल्थ केयर में तकनीक फ़ायदेमंद साबित हो रही है। भविष्य में इंसान की उम्र 100 साल से ज्यादा बढ़ जाएगी। अपराध को रोकने के लिए तकनीक मददगार हो रही है। कई क्षेत्रों में तकनीक ने इंसान का काम आसान कर दिया है।
तकनीक और हैकर दोस्त
सेन ने सवालों के जवाब भी दिए। उन्होंने कहा कि तकनीक और हैकर का पुराना दोस्ताना होता है, जो तकनीक बनाता है। वो उसका गलत इस्तेमाल भी कर सकता है। चाइनीज एप आया। लोगों को लोन बांटे, बाद में ब्लैकमेल करने लगे तो लोग आत्महत्या करने लगे। अतिथि को स्मृति चिन्ह कुलपति रेणु जैन ने दिए। कार्यक्रम का संचालन पल्लवी अढ़ाव ने किया। आभार अजीत सिंह नारंग ने माना।