भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भोजपुरी गायिका नेहा राठौर के खिलाफ रीगल चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा ने बताया कि भोजपुरी गायिकी नेहा सिंह राठौर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपमानित कर खुद सुर्खियां बटोर रही हैं।
विज्ञापन
शैलजा मिश्रा ने कहा कि नेहा सिंह राठौर सुर्खियों में बनी रहने के लिए इस तरह का झूठा षडयंत्र कर प्रदेश सरकार को बदनाम कर रही हैं। इसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि उनका विवादों से पुराना नाता रहा है। कभी वे सीधी घटनाक्रम के आरोपी को राष्ट्रीय स्वयंसेवक के गणवेश में दिखाती हैं तो कभी प्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं को लेकर विवादित पोस्ट डालती है। यह मध्य प्रदेश की धरती है और यहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जहां महिला, बुजुर्गों, युवाओं व हर वर्ग का मान-सम्मान होता है। नेहा राठौर के इस कुत्सित षड्यंत्र को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं इस मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश भर में नेहा राठौर के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही उन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस विरोध प्रदर्शन में भारतीय जनता महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष शैलजा मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंजू मखीजा, नगर महामंत्री सविता अखंड, ज्योति तोमर, पद्मा भोजे, अनीता व्यास, ज्योति पंडित, वृंदा गौड़, कंचन गिदवानी, गायत्री गोगड़े, विजयलक्ष्मी गोहर, चंदा खत्री बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।