कल 13 जनवरी शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी मप्र के कुछ जिलों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है वहीं पूर्वी मप्र के कुछ जिलों के लिए भी कोहरे और बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार 12 जनवरी से शुक्रवार 13 जनवरी शाम तक 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। भिंड, ग्वालियर, दतिया, मुरैना, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, मऊगंज और भोपाल में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।
रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर, हरदा, बड़वानी, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम और मंडला में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा। न्यूनतम दृश्यता शुक्रवार सुबह के समय दतिया में 50 मीटर से कम, खजुराहो, भोपाल हवाई अड्डे और ग्वालियर हवाई अड्डे पर 100 मीटर तथा मण्डला एवं रायसेन जिलों में 200 मीटर दर्ज की गई।
शहडोल संभाग में गिरा तापमान
न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में विशेषरूप से कम रहा। भोपाल, उज्जैन, रीवा और सागर संभागों के जिलों में तापमान गिरा एवं शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक तापमान रहा। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 29.05°C खंडवा में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0°C नौगांव में दर्ज किया गया।
कुछ जिलों में बूंदाबांदी की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से मप्र की तरफ नमी आ रही है और अरब सागर से लेकर गुजरात तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसकी वजह से कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और बारिश के साथ कोहरे के आसार बने हुए हैं। इस तरह की स्थिति अभी दो-तीन दिन तक बनी रह सकती है। अभी दो दिनों तक सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को कई जिलों में परेशानी भी आ सकती है।