इंदौर के पुष्पेंद्र सोलंकी और प्रियंका पर ठगी करने का आरोप है।
- फोटो : सोशल मीडिया
पुणे पुलिस ने इंदौर में बंटी और बबली की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। लिव-इन में रहने वाला यह कपल लालच देकर करोड़ों ठग लेता था। बीएमडब्ल्यू और थार जैसी लग्जरी गाड़ियों में घूमते और चकाचौंध करने वाली लाइफस्टाइल से रईसों को झांसा देते थे। पुणे की एक आईटी कंपनी के मालिक के साथ इस कपल ने एक करोड़ रुपये की ठगी की। रुपये लिए और फिर फोन उठाने बंद कर दिए। पुणे में शिकायत दर्ज हुई तो पुलिस ने इंदौर में आकर कार्रवाई की।
पुणे के राहुल जायसवाल का आरोप है कि उसने इंदौर में एमबीए की पढ़ाई की। इस दौरान पुष्पेंद्र सोलंकी से मुलाकात हुई थी। पुष्पेंद्र ने अगस्त 2019 में राहुल को बताया कि वह इंदौर में ट्रेडिंग कंपनी चलाता है। उसकी एक गर्लफ्रेंड है- प्रियंका मंगवानी, जो इसमें उसकी मदद करती है। ट्रेडिंग कंपनी से वे लोग ड्रायफ्रूट और अन्य सामान का इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट करते हैं। राहुल से इन्वेस्टमेंट के नाम पर दोनों ने एक करोड़ रुपये लिए। हर महीने तीन लाख रुपये का प्रॉफिट देने का वादा भी किया, लेकिन दिए नहीं। मई 2020 के बाद तो राहुल का फोन तक उठाना बंद कर दिया।
पत्नी के साथ नहीं रहता आरोपी
पुलिस का कहना है कि पुष्पेंद्र शादीशुदा है और दो बेटियों का पिता है। वह पत्नी के बजाय प्रियंका के साथ इंदौर में लिव-इन रहता है। राहुल की शिकायत पर पुणे की पुलिस ने इंदौर में दोनों की धरपकड़ की।