फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

Mhow News: गैंगरेप और हत्या के बाद आदिवासियों का थाने पर हमला, एक की मौत, कांग्रेस-भाजपा भी भिड़े

Thu, 16 Mar 2023 01:48 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

Indore Mhow News: बवाल में जयस के कार्यकर्ताओं का नाम भी सामने आया, कांग्रेस मौके पर पहुंची, भाजपा ने दिए जांच के आदेश
 
1 of 4
युवती की मौत के बाद सडक़ पर उसका शव रखकर चक्काजाम किया - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
मप्र के महू में बुधवार रात बड़ा बवाल हो गया। आदिवासी युवती की संदिग्ध मौत पर क्षेत्र के लोगों ने पहले रास्ता जाम किया फिर थाने पर पथराव कर दिया। पथराव में कई लोग घायल हुए हैं। बचाव में पुलिस ने फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे। 12 पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने एक बार आदिवासियों को खदेड़ दिया तो वे दूसरी बार फिर भीड़ जुटाकर आए और गोफन से हमला किया। इंदौर से भी पुलिस बल महू पहुंचा है। गोली लगने से एक युवक की मौत हुई है, जिसका शव एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया है। 





युवती की मौत पर आदिवासियों ने लगाया मामला दबाने का आरोप
क्षेत्र की युवती की मौत पर आदिवासियों का आरोप है कि मामला दबाया जा रहा है। आरोप है कि युवती से बलात्कार के बाद क्षेत्र के दबंगों ने हत्या कर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवती की मौत करंट लगने से हुई है। आदिवासियों ने युवती की मौत के बाद सडक़ पर उसका शव रखकर चक्काजाम किया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने पास के थाने पर हमला कर दिया। 

कांग्रेस टीम पहुंची, सीएम ने दिए जांच के आदेश
मामले में राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस की टीम महू पहुंच चुकी है जिसमें कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना के मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। 

 

2 of 4
लोगों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
छह पुलिसकर्मी घायल, रातभर रहा तनाव
मामला महू के बडगोंदा थाना क्षेत्र का है। बवाल में छह पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। घटना के बाद रातभर तनाव रहा। युवती की मौत के बाद परिजन ने बुधवार शाम डोंगरगांव चौकी के सामने युवती का शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चला। इस दौरान गुस्साए लोगों ने पुलिस चौकी पर पथराव कर पुलिस की गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ की। पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया और हवाई फायर किए। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने बड़ी संख्या में आंसू गैस के गोले भी दागे हैं। बताया जा रहा है कि बवाल में जयस के कार्यकर्ता भी शामिल हैं। 

हत्या का केस दर्ज
ग्रामीण एसपी भगवंत बिरदे ने कहा कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर यदुनंदन पिता रामचरण पाटीदार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। रेप के आरोप की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में होगी तो धारा बढ़ाई जाएगी। आरोप है कि यदुनंदन धामनोद, जिला धार से युवती का अपहरण कर ग्राम गवली पलासिया लाया। यहां करंट लगा कर उसकी हत्या कर दी।

3 of 4
शव रखकर जाम किया - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
मप्र में जंगलराज, आदिवासी भयभीत: कमलनाथ
इंदौर जिले के महू में आदिवासी युवती से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या एवं पुलिस फायरिंग में आदिवासी युवक की हत्या ने मध्यप्रदेश में व्याप्त जंगलराज को साबित किया है। मैं इस हृदयविदारक घटना से आहत हूं, व्यथित हूं और दुख की इस घड़ी में पीडि़त आदिवासी परिवारों के साथ खड़ा हूं। मैंने घटना की जांच के लिए वरिष्ठ आदिवासी विधायकों का एक जांच दल भी गठित किया है जो घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है। आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में पूरे देश में अव्वल मध्यप्रदेश में घटित इस सामूहिक बलात्कार और पुलिस गोलीबारी की घटना ने आदिवासियों को भयभीत कर दिया है। अब इस बीजेपी सरकार से कोई उम्मीद नहीं बची है।

कांग्रेस का दल पहुंचा, रिपोर्ट तैयार कर कमलनाथ को सौंपेगा
मप्र कांग्रेस ने जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि पीसीसी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर कांग्रेस के आदिवासी विधायकों का दल घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंच गया है। जांच दल में कांतिलाल भूरिया, बाला बच्चन, झूमा सोलंकी और पांचीलाल मेड़ा शामिल हैं। इंदौर के प्रभारी महेंद्र जोशी भी घटनास्थल पहुंचे हैं। यह दल घटना की सच्चाई पता करेगा और पीडि़त लोगों से बातचीत करेगा। दल अपनी रिपोर्ट कमलनाथ को सौंपेगा।

गृहमंत्री बोले- जांच के आदेश दिए हैं, राजनीति न करें
उज्जैन पहुंचे गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा नेघटना की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा- कांग्रेस को संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। पति कहते हैं करंट लगने से मौत हुई, जबकि दूसरे संगठन के लोग हत्या की बात कह रहे हैं। जांच के आदेश दे दिए हैं।

पुलिस को फायरिंग के आदेश कहां से मिले- जयवर्धन सिंह
कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा क्या पुलिस को फायरिंग करने के आदेश थे। जब आदिवासियों का धरना होता है पुलिस फायरिंग क्यों करती है। आखिर पुलिस को फायरिंग के आदेश कहां से मिले।

5 थाना क्षेत्रों में धारा 144
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉक्टर इलैया राजा टी ने महू सब डिविजन क्षेत्र  में  गत रात्रि पुलिस थाना में पथराव और गोली चालन में युवा भेरूलाल की मृत्यु की घटना पर मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अजय देवशर्मा को जांचकर्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं 5 थाना क्षेत्रों में धारा 144 लगाते हुए रैली, धरना, प्रदर्शन इत्यादि पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त रूप से दंडाधिकारियों को तैनात किया है। वहीं मृतक भेरूलाल के परिजन को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के निर्देश पर दस लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 
विज्ञापन

4 of 4
आरोपी युवक यदुनंदन पाटीदार की मां राधाबाई - फोटो : अमर उजाला, इंदौर
आरोपी की मां बोली, युवती का रेप नहीं हुआ वह मेरे बेटे के साथ लिवइन रिलेशन में थी, दोनों शादी करने वाले थे
आरोपी युवक यदुनंदन पाटीदार की मां राधाबाई का कहना है कि युवती की मौत करंट से हुई है। युवती छह दिन से उनके घर में रह रही थी। करीब डेढ़ साल से उनका बेटा और युवती लिवइन रिलेशनशिप में थे। ये बात दोनों के परिवार जानते थे और जल्द ही दोनों शादी करने वाले थे। मां ने कहा कि गैंगरेप और हत्या की बातें सब झूठी हैं, मेरे बेटे को फंसाया जा रहा है। मां ने कहा कि बुधवार को घर में पानी गरम करने की रॉड के करंट से लगने के कारण युवती मौत हो गई। जब हम घर पहुंचे तो युवती को अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे पर रेप के आरोप झूठे हैं। युवती अपनी मर्जी से रह रही थी। ऐसे में रेप का सवाल ही नहीं उठता। हमने युवती का अपहरण नहीं किया, ना ही उसके साथ कुछ गलत काम हुआ है। मैंने तो उसे बेटी जैसा रखा। बहुत जल्द कविता और यदुनंदन शादी करने वाले थे।
Next
AU ऐप में पढ़ें