कार्यकर्ता सम्मेलन में जीतू पटवारी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार को इंदौर के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने मंच से विधानसभा चुनाव में मिली हार, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जा रहे नेताओं के मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि सरकार एजेसिंयों का दुरुपयोग कर हमारे नेताओं को डरा धमका कर भाजपा में शामिल करने की कोशिश कर रही है। इससे वे लोग डरे हुए है, जिन्होंने कुछ गलत किया है। उनके मन में डर बैठा है कि सरकार उनका कुछ नुकसान न कर दे। इस डर की वजह से वे भाजपा में चले जाएंगे। वहां जाकर अपमान भी सहेंगे,वे गालियां भी देंगे तो सुनकर मुस्कुराते रहेंगे, लेकिन जो बहादूर है। कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े है। वे कल भी कांग्रेस के साथ थे और भविष्य में भी रहेंगे।
भाजपा ने आज ही मैसेज चलाए कि एक लाख कार्यकर्ता भाजपा में आएंगे। विश्व रिकार्ड बनाएंगे। मैं सुबह से सोच रहा हुं कि कार्यकर्ता जा कहां रहे है। गिनती तो भाजपा वाले बता ही नहीं रहे है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में सिर्फ 336 नेता व कार्यकर्ता गए है।
मैने उनकी गिनती कराई है। उसमें से भी 80 प्रतिशत को हमने पहले ही बाहर कर दिया था। भाजपा झूठ और फरेब के सहारे माहौल तैयार कर रही है,क्योकि उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं बचा। पटवारी ने कहा कि राऊ का कार्यकर्ता कांग्रेस का सच्चा सिपाही है। राऊ विधानसभा मेरी जीत में भी साथ है और हार में भी साथ है।
पटवारी ने कहा कि अब हमारे पास बोलने के लिए मुद्दे है। भाजपा ने जो वादे किए थे। वे पूरे नहीं हुई। भाजपा झूठ के दम पर माहौल बना रही है, लेकिन जमीन पर हालात विपरित है। महंगाई पांच गुना बढ़ गई है। भाजपा ने जनता को कुछ नहीं दिया है।
लाड़ली बहना के कारण हारे विधनासभा चुनाव
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में पूरी मेहनत की, लेकिन भाजपा ने लाड़ली बहनों को पैसा देने की बात की। भाजपा के कार्यकर्ता उसे घर-घर ले गए। उसका अद्भूत असर हुआ। इंदौर में भाजपा के वोटों की बढ़त का कारण लाड़ली बहना थी। लाड़ली बहनों को लोकसभा चुनाव तक ही पैसा मिलेगा। उसके बाद क्या होगा पता नहीं।
जनता के सामने उठाने के लिए हमारे पास कई सवाल है। कार्यकर्ता उसे जनता तक पहुंचाए। कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक सचिन यादव, पूर्व विधायक रवि जोशी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव सहित अन्य नेता मौजूद थे।