इंदौर के बेलेश्वर महादेव मंदिर में हुए हादसे के बाद प्रशासन शहर के कुएं और बावड़ी बंद करने में लगा हुआ है। मंदिर के स्थल पर बावड़ी की छत धंसने से 36 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने इस बावड़ी को भी मलबे से बंद कर दिया और उसके ऊपर मैदान बना दिया। प्रशासन के इस एक्शन के बाद अब शहर में कुएं-बावड़ी को बंद करने का विरोध तेज हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी इसे गलत मानते हैं। इंदौर में पार्टी कार्यालय पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद अमर उजाला से चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपने निर्णय पर फिर से सोचना चाहिए। प्राकृतिक जल के स्त्रोतों को इस तरह से बंद करना गलत है। मैं इसे बिल्कुल भी सही नहीं मानता हूं। प्रशासन को इन्हें सहेजकर और इनका संरक्षण कर पानी संरक्षण के लिए इनका उपयोग करना चाहिए।
विज्ञापन
मैंने पानी संरक्षण के लिए कुएं-बावड़ी के माध्यम से ही काम किया
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जब मैं महापौर था तब मैंने पानी संरक्षण के लिए शहर के कई कुएं और बावड़ी को बेहतर बनाया था। उस वक्त हम आसपास के क्षेत्र की इमारतों में बारिश के समय भरने वाले पानी को कुएं और बावड़ी तक पहुंचाते थे। यहां पर पानी फिल्टर होकर जमीन में जाता था और आसपास के पूरे क्षेत्र में जल स्तर को बेहतर बनाता था। मुझे लगता है कि प्रशासन को तकनीकी लोगों की टीम बनाकर इनके संरक्षण पर काम करना चाहिए।
कांग्रेस का भगवा में ट्रांसफार्मेशन हो गया
कैलाश विजयवर्गीय ने अन्य मुद्दों पर बात करते हुए कहा कि कांग्रेस का ट्रांसफार्मेशन हो गया है। मोदी इफेक्ट की वजह से वह भगवा बनते जा रहे हैं। पहले वे सिर्फ रोजा इफ्तार की पार्टियों में दिखते थे लेकिन अब वे मंदिर जाने लगे हैं, भजन करने लगे हैं और जनेऊ भी पहनने लगे हैं।
विज्ञापन
भगवा को आतंकवाद कहने वाले उसी रंग में रंग गएः नरोत्तम मिश्रा
भाजपा की बैठक में शामिल होने आए प्रदेश के गृह मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भगवा को आतंकवाद कहने वाले अब कार्यालय को भगवा रंग में रंगने लगे हैं तो समझ लेना चाहिए कि अच्छे दिन आने वाले हैं। संदर कांड का पाठ वे लोग करा रहे हैं जिन्होंने एक समय राम को काल्पनिक कहा था। जिन्होंने राम पर सवाल उठाया था और भूमि के शिलान्यास की तारीख पर सवाल उठाए थे। आज वही लोग राम का नाम ले रहे हैं और कह रहे हैं कि राम हमारे भी हैं।
कांग्रेस को भगवाकरण की बधाईः उषा ठाकुर
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि कुएं एवं बावड़ी पर अतिक्रमण होगा तो उसे मुक्त करवाया जाएगा। किसी को भी इंसान की जान से खेलने का हक नहीं है। कांग्रेस के भगवाकरण पर उन्होंने बधाई दी और कहा कि देर आए दुरुस्त आए।