तेज धूप से बचने का प्रयास करती युवतियां
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर में बीते दो दिनों के दौरान दिन और रात के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों ने रविवार को तापमान बढ़ने की संभावना जताई थी, लेकिन दोपहर के समय चली 24 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा के चलते तापमान में गिरावट आ गई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। यह अप्रैल माह में पहली बार हुआ है जब दिन और रात का तापमान सामान्य स्तर पर पहुंचा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में दोबारा इजाफा हो सकता है।
Indore News: बस एक मिस्ड कॉल और हैक हो जाएगा आपका मोबाइल, बड़े नेता भी बन चुके हैं शिकार
शनिवार-रविवार के तापमान में फर्क
शनिवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था, वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को अधिकतम तापमान घटकर 39.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य के बराबर था, जबकि रात का तापमान भी 22.6 डिग्री रहा। सोमवार सुबह से मौसम पूरी तरह साफ बना रहा और तेज धूप के बावजूद गर्मी से कुछ हद तक राहत महसूस की गई।
पूरा सप्ताह रहेगा साफ मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह साफ बना रहेगा। सुबह 6 बजे से शाम तक तेज धूप रहेगी और दोपहर के समय उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली हवाएं राहत प्रदान करेंगी। इस साल फिलहाल 18 अप्रैल को सबसे अधिक 41.7 डिग्री दर्ज किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल के अंतिम तीन दिनों में तापमान 42 डिग्री के आंकड़े को पार कर सकता है।
कमजोर रही प्री-मानसून गतिविधि
पिछले दो वर्षों से अप्रैल महीने में प्री-मानसून की गतिविधियां बेहद कमजोर रही हैं। बीते 10 दिनों में दो से तीन बार बादल तो छाए लेकिन बारिश नाममात्र ही हुई, सिर्फ कुछ मिनटों की बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 15 मई के बाद प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। गौरतलब है कि मानसून आमतौर पर 15 जून के बाद सक्रिय होना शुरू होता है। फिलहाल सोमवार को राजस्थान से सटे जिलों में गर्म हवाएं चल सकती हैं। मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा।