मध्यप्रदेश में इस सीजन की गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इंदौर समेत सात शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। बुधवार को इंदौर में दिन का पारा 38.2 डिग्री पर रहा और रात का पारा 20.2 डिग्री पर दर्ज हुआ। गुरुवार को भी सुबह से ही गर्मी का अहसास होने लगा। गुरुवार को दिन का पारा 37.6 डिग्री पर रहा और रात का पारा 21.8 डिग्री पर आ गया। दिन के पारे में 0.6 डिग्री की गिरावट देखी गई और रात के पारे में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। आज दिन में ठंडी हवाएं चलने से यह बदलाव देखने को मिला।
विभिन्न शहरों में तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को नर्मदापुरम में 40.9 डिग्री, रतलाम में 40.2 डिग्री, बड़वानी के तालुन में 40.2 डिग्री, नौगांव में 40 डिग्री और शिवपुरी, गुना-दमोह में भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक दर्ज किया गया। इसी प्रकार ग्वालियर, उज्जैन, खजुराहो, धार, टीकमगढ़, मंडला, सागर, सतना, शाजापुर, उमरिया, सिवनी, खरगोन और बैतूल जैसे शहरों में तापमान 39 डिग्री या उससे अधिक रहा। बड़े शहरों में भी गर्मी का असर देखा गया, जैसे ग्वालियर में 39.9 डिग्री, उज्जैन में 39 डिग्री, भोपाल में 38.8 डिग्री, इंदौर में 38.2 डिग्री और जबलपुर में 38 डिग्री सेल्सियस था।
सामान्य से अधिक तापमान
लू की संभावना
मार्च के आखिरी दो दिनों में प्रदेश में लू का असर हो सकता है। विशेषकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र, जिसमें इंदौर और उज्जैन संभाग के जिले जैसे रतलाम, उज्जैन, खरगोन, खंडवा, धार आदि शामिल हैं, में लू की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, जब दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक या सामान्य से 4.6 डिग्री तक अधिक हो, तो उसे हीट वेव (लू) की स्थिति माना जाता है। 30 और 31 मार्च को लू के प्रभाव की संभावना जताई जा रही है, जिससे मौसम और भी अधिक गर्म हो सकता है।