विश्व एड्स दिवस पर देवी अहिल्या विश्व विद्यालय सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा शामिल हुए।
नड्डा ने कहा कि नए उम्र के लोगों ने काला दौर नहीं देखा, जो 80 के दशक में रहा। एड्स की बीमारी को डेथ वारंट माना जाता था। पूरा परिवार तबाह हो जाता था। तब जागृति के लिए कोई अभियान भी नहीं चलते थे। अभी तक इस तरह की दवा नहीं आई कि मरीज उसे खाकर पूरी तरह ठीक हो जाए।
मरीज को आजीवन दवा खाना पड़ेगी और जीवन भर वह ठीक रह सकता है। अब हमारा विज्ञान इतना विकसित हो चुका है कि इस बीमारी के साथ भी लोग लंबी जिंदगी जी रही है। सामान्य संतानों को जन्म दे रहे है। इसकी चर्चा से हमें भागना नहीं चाहिए। बच्चों को इस बीमारी के लिए एज्यूकेट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एड्स के साथ जो लोग जी रहे है, उनकी स्थित को समझे और उनके प्रति संवेदनशील रहे और उनके अधिकारों का हनन न हो, इस बात का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। एड्स की लंबी लड़ाई समाज ने और देश ने लड़ी है।
पहले एड्स की दवा नहीं थी। जब दवा आई तो वह इतनी महंगी थी कि वह गरीब आदमी खरीद नहीं सकता था। वह दवाई भारत सरकार अब फ्री में दी जाती है। देश में 17 लाख लोग एड्स पीडि़त है। भारतीय कंपनियों ने सबसे सस्ती और असरकारक दवाएं बनाई। जो विश्व के लिए मददगार साबित हो रही है। अफ्रीका, साउथ अफ्रीका जैसे देशों को हम जोड़ पाए है।
समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल सहित अन्य नेता मौजूद थे।
विमानतल पर नेताओं ने जोरदार स्वागत
विमानतल पर भाजपा नेताओं ने जेपी नड्डा का जोरदार स्वागत किया। इस बार मेयर पुष्य मित्र भार्गव भी बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ उनका स्वागत करने पहुंचे थे। गौरव रणदिवे, तुलसी सिलावट, गोलू शुक्ला, रमेश मेंदोला समर्थकों ने भी स्वागत में कोई कसर बाकी नहीं रखी। इस कारण विमानतल पर अव्यवस्था भी फैल गई। एयरपोर्ट रोड पर भी जगह-जगह स्वागत मंच लगे हुए थे। एक स्थान पर भाजपा महिला नेत्रियों ने नड्डा की आरती भी उतारी।