इंदौर में ग्रेटर कैलाश रोड की तर्ज पर तीन सड़कों को नगर निगम द्वारा माॅडल रोड बनाया जाएगा। इस सड़कों के दोनों किनारों पर फर्नीचर, सोलर ट्री और डिजिटल बोर्ड लगाए जाएंगे। रीगल तिराहा से मधुमिलन चौराहा तक बनने वाली इस सड़क के किनारे पर पर्यावरण दिवस के दिन मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने पौधे लगाए।
इस सड़क का भूमिपूजन लोकसभा चुनाव के पहले हो चुका था, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया। मधुमिलन चौराहा से अग्रसेन प्रतिमा और अग्रसेन प्रतिमा से टाॅवर चौराहा तक तीन चरणों में यह सड़क बनेगी।
तय समयसीमा में काम पूरा करने के लिए लगेगा टाइमर
इस सड़क का काम दो-तीन दिन में शुरू होगा। ठेकेदार के लिए 100 दिन में सड़क निर्माण करने का समय तय किया गया है। इसके लिए मौके पर एक टाइमर भी लगाया जाएगा। मेयर ने कहा कि माॅडल सड़क पर पर्याप्त हरियाली रहेगी।
हम चाहते हैं कि इंदौर क्लीन के साथ ग्रीन भी बने। तीनों माॅडल सड़कों पर हरियाली भी रहेगी और तकनीक का उपयोग भी किया जाएगा। सड़क पर सुबह शाम के समय लोग समय बिता सकें, इसके लिए स्ट्रीट फर्नीचर लगाया जाएगा। रोशनी के लिए सोलर ट्री लगाए जाएंगे। सड़क की डिजाइन तैयार हो चुकी है।
ये सुविधाएं मिलेंगी माॅडल सड़क पर
माॅडल सड़क पर लाइब्रेरी, नेकी की दीवार होगी। इसके अलावा सेल्फी जोन भी बनाए जाएंगे। माॅडल सड़क पर सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। फुटपाथों पर वाहन पार्क न हो, इसकी व्यवस्था भी जाएगी।