नवंबर माह बीतने को है,लेकिन शहर में अभी भी ठंड का असर ज्यादा नजर नहीं आ रहा,लेकिन अब मौसम में तेजी से बदलाव होगा। मौसम विभाग ने इंदौर और आसपास के जिलों में बारिश होने की भविष्यवाणी की है। इसके साथ ठंड भी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार अफगानिस्तान में एक पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है, जो पाकिस्तान की तरफ बढ़ रहा है और गुजरात, राजस्थान के रास्ते मध्य प्रदेश में असर दिखाएंगा।
अरब सागर की तरफ से दक्षिण पश्चिम हवाएं चक्रवाती घेरे से प्रभावित होगी और मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। शनिवार और रविवार को इंदौर, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, उज्जैन जिले में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद मौसम साफ होगा और उत्तरी हवाएं अपना रंग दिखाएगी और ठंडक बढ़ सकती है।
नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में भी ठंड असर नहीं दिखा रही है। दिन में अभी भी घरों में पंखों की जरुरत महसूस हो रही है। हल्के गर्म कपड़ों की जरुरत रात में जरुर महसूस हो रही है शुक्रवार को दिन का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस था,जबकि रात का तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था।
उत्तरी क्षेत्र में अभी बर्फबारी नहींं हुई है, इसलिए ठंडी हवाएं भी मौसम में अभी ठंडक नहीं घोल रही है। शहर में हवा की गति 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो सकता है। दिन का पारा 25 डिग्री सेल्सियस था।