इंदौर में नई और पुरानी नर्मदा लाइन की व्यवस्था नगर निगम खत्म करेगा। कई इलाकों में पुरानी नर्मदा लाइन पानी के दूषित होने की वजह बनती है और पानी की फिजूलखर्ची होती है।भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों के बाद शहर के कई इलाकों में नर्मदा लाइन बदली जा रही है। इस बीच यह बात भी सामने आई कि जिन इलाकों में नई लाइन है, वहां पुरानी लाइन भी टंकी से जुड़ी हुई है और वह चार्ज होती है।
इस कारण कई इलाकों में ज्यादा मात्रा में पानी मिल रहा है, जबकि कई इलाकों में पुरानी लाइन खराब हो चुकी है और ड्रेनेज लाइन का पानी भी उसमें मिल जाता है। इसके लिए निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने अफसरों को पूरे शहर का सर्वे करने के लिए कहा है। एक माह में अफसरों को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अफसरों को सर्वे रिपोर्ट में यह जानकारी भी देनी होगी कि संबंधित क्षेत्र में नई पाइप लाइन चालू है या नहीं और पुरानी पाइप लाइन को बंद करने की स्थिति क्या है। यदि पुरानी पाइप लाइन बंद करने में कोई तकनीकी अथवा अन्य समस्या है, तो उसकी जानकारी भी देनी होगी।इसके लिए बनाई गई कार्ययोजना में यह बात भी सामने आई कि नई पाइप लाइन बिछाने के बाद भी वार्ड के पार्षद और नेता पुरानी लाइनों को बंद नहीं करने का दबाव बनाते हैं।
इन इलाकों में हैं दो नर्मदा लाइन
शहर के पुराने इलाकों में दो-दो नर्मदा लाइनें हैं। इस कारण वहां दूषित पानी की समस्या भी बनी हुई है। सुखलिया ग्राम, नंदानगर, बाणगंगा, मालवा मिल, नेहरू नगर और आंबेडकर नगर जैसे मोहल्लों में नई और पुरानी दोनों नर्मदा लाइनें हैं।ज्यादातर पुरानी लाइनों से नल कनेक्शन भी हौज में जुड़े हुए हैं और उनमें पानी की सप्लाई भी होती है, लेकिन रहवासी बिल केवल एक ही कनेक्शन का चुकाते हैं।