इंदौर में रविवार को रामनवमी धूमधाम से मनाई जाएगी। शहर में कई स्थानों से शोभायात्राएं निकलेगी और राम मंदिरों में अनुष्ठान और विशेष पूजा भी होगी। इसके अलावा राम मंदिरों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है।
इंदौर में राम नवमी को रघुवंशी समाज द्वारा राम मंदिर में दोपहर 12 महाआरती होगी। इस अवसर पर राम रथ यात्रा निकाली जाएगी जो मरीमाता चौराहा, वृंदावन कालोनी चौराहा, कुम्हारखाड़ी होते हुए फिर मंदिर पर समाप्त होगी। आर्य समाज द्वारा आर्य समाज मंदिर छावनी से सुबह 8.30 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी।इस मौके पर राम नवमी एवं आर्य समाज का स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
पंचकुईया राम मंदिर आश्रम से राम रथ यात्रा शाम 4:00 बजे निकलेगी। मनोरमागंज स्थित गीता भवन पर गीता भवन ट्रस्ट द्वारा सुबह 9 बजे से श्रीराम महायज्ञ तथा दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव की महाआरती होगी। गीता भवन स्थित राम दरबार मंदिर का श्रृंगार भी होगा।
500 वर्ष पुराने लक्ष्मी-नृसिंह मंदिर में सुबह 11 बजे रामरक्षा स्तोत्र का पाठ किया जाएगा एवं 12 बजे जन्म आरती होगी। इसके अलावा वेंकटेश देवस्थान छत्रीबाग में भी श्रीराम नवमी महोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।इस अवसर पर देवस्थान में श्री राम के जन्म उत्सव के लिए विशेष तैयारी की गई है। सुबह जप परिक्रमा निकलेगी। इसके बाद प्रतिमा का श्रृंगार किया जाएगा। दोपहर में मंदिर के पट खुलेंगे और जन्म दर्शन के साथ आरती की जाएगी।