इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी ग्वालटोली में बिजली सुधारते समय 20 फीट ऊंचे पोल से गिरकर आउटसोर्स कर्मचारी राजेंद्र राठौर की एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मामले में सुरक्षा चूक और लापरवाही के कारणों की जांच कर रही है।
इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी ग्वालटोली इलाके में मंगलवार दोपहर एक दुखद घटना सामने आई। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलने के बाद आउटसोर्स कर्मचारी लाइन सुधारने के लिए पहुंचे थे। कार्य के दौरान पिपलियाहाना निवासी राजेंद्र राठौर 20 फीट ऊंचे पोल से अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे गिर पड़े। पोल से गिरते ही उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे मौके पर ही लहुलूहान हो गए।
विज्ञापन
इलाज के दौरान एमवाय अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद साथ में काम कर रहे अन्य कर्मचारी राजेंद्र को गंभीर हालत में इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन सिर में अत्यधिक चोट लगने की वजह से मंगलवार रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पलासिया पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
तीन साल से ठेका कंपनी में कार्यरत थे राजेंद्र
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्र पिछले तीन वर्षों से क्यूस कॉरपोरेट कंपनी में कार्यरत थे, जो बिजली विभाग में ठेके पर काम करती है। वे एआई कमलेश के अधीन अपनी सेवाएं दे रहे थे। इससे पूर्व भी वे खाचरौद क्षेत्र में बिजली विभाग के अंतर्गत आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्य कर चुके थे।
विज्ञापन
परिवार में शोक की लहर, पुलिस जांच में जुटी
मूल रूप से बागली के समीप के रहने वाले राजेंद्र अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चे और दो भाइयों को छोड़ गए हैं। उनका छोटा भाई रविंद्र भी बिजली विभाग में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। इस घटना के बाद से ही परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों में कोई लापरवाही हुई थी या नहीं।