दुकानदार बने मंत्री विजयवर्गीय
- फोटो : amarujala
मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हर साल धनतेरस पर अपनी पुश्तैनी दुकान पर समय बिताते हैं। वे ग्राहकों से पूछते हैं कि उन्हें क्या चाहिए और फिर खुद सामान तौलकर देते हैं। ग्राहक खरीदे गए सामान के पैसे भी चुकाते हैं।
यह नजारा शुक्रवार को भी देखने को मिला। शाम को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नंदानगर स्थित अपनी दुकान पर पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पूजा की। इसके बाद वे ग्राहकों को सामान बेचने लगे। उन्होंने कई पुराने ग्राहकों से सामान की सूची ली। त्योहार के कारण दुकान पर भीड़ थी। कुछ लोग मंत्री को देखकर उनसे मिलने के लिए भी दुकान पर पहुंचे।
मंत्री करीब आधे घंटे तक अपनी दुकान पर बैठे। उन्होंने बताया कि उनकी किराने की दुकान 45 साल से भी ज्यादा पुरानी है। पहले यह घर के आगे वाले कमरे में संचालित होती थी। उनकी मां अयोध्याबाई विजयवर्गीय दुकान संभालती थीं। कैलाश विजयवर्गीय और उनके भाई विजय भी मां के काम में हाथ बंटाते थे।
जब वे दुकान पर बैठे थे, तब मोहल्ले और गली के उनके पुराने दोस्त भी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने दोस्तों से बातचीत की और पुरानी यादें ताजा कीं।किराने की दुकान से लौटने के बाद उन्होंने घर के बाहर रंगोली बना रही अपनी पोती से भी रंगोली के बारे में पूछा।