मनीष पेसर्स आर्मी की टीम ने एक विशेष डाक कावड़ यात्रा निकाली, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश देना था। इस यात्रा में लगभग 15 धावकों ने भाग लिया और ओंकारेश्वर से महाकालेश्वर तक की करीब 151 किलोमीटर की दूरी बिना रुके महज 7 घंटे 50 मिनट में पूरी की। भरत बैरागी, अल्पेश गौड़, जेपी गुर्जर और अंकित शर्मा ने विधिवत पूजा-पाठ के साथ इस दौड़ की शुरुआत की। यात्रा के आयोजक मनीष गौड़ ने कहा कि युवाओं को यह सीख देना जरूरी है कि स्वस्थ शरीर में ही ईश्वर का वास होता है, इसलिए शरीर को मंदिर समझकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें...
Indore News: इंदौर में साॅफ्टवेयर इंजीनियर युवती की ट्रक की टक्कर से मौत, दोस्तों के साथ ढाबे पर जा रही थी
स्वस्थ शरीर में ही भगवान का वास है
कोच मनीष गौड़ ने बताया कि आज के समय में युवा नशे की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, जो समाज के लिए चिंता का विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह डाक कावड़ यात्रा आयोजित की गई, ताकि युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि धर्म हमें सिखाता है कि शरीर ही पहला मंदिर है और इसे स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी है। यात्रा के माध्यम से यह भी बताया गया कि नियमित दौड़ और व्यायाम न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं।
ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर के आध्यात्मिक महत्व से जुड़ी यात्रा
यह विशेष यात्रा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग से शुरू हुई, जो नर्मदा नदी के तट पर स्थित एक प्रमुख शिवधाम है और अद्वैत वेदांत के प्रवर्तक आदि शंकराचार्य से जुड़ा हुआ है। यहां से धावकों ने मध्यप्रदेश के ही दूसरे पवित्र शिवधाम महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन तक दौड़ लगाई, जो 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और तंत्र, साधना और शिवभक्ति का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इस आध्यात्मिक यात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ शरीर और आत्मा की पवित्रता का भी संदेश दिया।
इंदौर के धावकों ने टीम को दी बधाई, फ्री फिटनेस ट्रेनिंग भी जारी
धावकों ने तय समय से पहले महाकाल मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया और महादेव के चरणों में अपनी आस्था प्रकट की। संजय मुकाती, प्रतीक डोके, रोहन नरवाले, शुभम, कमलेश राठौर, शशांक, मिलिंद गौड़, कृष्णा, अमूल, बंटी, ऋषि, अर्पित और कोच मनीष गौड़ जैसे धावकों ने अद्वितीय ऊर्जा के साथ दौड़ पूरी की। यात्रा के समापन पर विनोद चौधरी, यवल लड्ढा, मनीष मालगवा और धर्मेंद्र चौहान ने सभी प्रतिभागियों का सम्मान किया। मनीष पेसर्स आर्मी द्वारा इंदौर में युवाओं को मुफ्त फिटनेस ट्रेनिंग भी दी जा रही है, जिसे शहरवासियों ने खूब सराहा और टीम को बधाई दी।