लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने पूर्व सहकर्मी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और मारपीट का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में न सिर्फ शादी से इनकार कर दिया, बल्कि बदनाम करने की धमकी भी दी।
इस तरह फंसी युवती
पुलिस के अनुसार पीड़िता एक बैंक में कार्यरत है और उसकी पहचान वर्ष 2020 में उसी बैंक में काम करने वाले मकरेन्द्र त्रिवेदी (निवासी निपानिया) से हुई थी। दोस्ती गहरी होने के बाद 2021 में मकरेन्द्र ने युवती को अपने घर ले जाकर पहली बार शारीरिक संबंध बनाए और शादी का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोनों ने लिव-इन रिलेशन में रहना शुरू कर दिया। इस दौरान मकरेन्द्र ने शादी की बात को लगातार टालते हुए युवती से कई बार रुपए भी लिए। जब युवती ने शादी को लेकर दबाव बनाया तो आरोपी बहाने बनाने लगा, मारपीट की और बाद में युवती के चरित्र पर ही सवाल उठाने लगा।
बदनाम करने की भी धमकी दी
पीड़िता का आरोप है कि मकरेन्द्र के भाई ने आंशिक रूप से कुछ पैसे वापस किए, लेकिन मकरेन्द्र ने शादी से साफ इनकार कर दिया और धमकी दी कि अगर उसने जोर डाला तो वह उसे बदनाम कर देगा। मार्च 2025 में आखिरी बार युवती ने जब शादी की बात की, तो विवाद और बढ़ गया।
दूसरी युवती को फंसाना शुरू कर दिया
हाल ही में युवती को यह जानकारी मिली कि मकरेन्द्र किसी अन्य युवती से भी नजदीकियां बढ़ा रहा है। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरा मामला बताया और लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।