अस्पताल का दृश्य और इनसेट में मासूम राधिका
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के नायता मुंडला इलाके में दो साल की मासूम राधिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम जब पिता रवि कचनारे काम से घर लौटे तो बेटी खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी थी। बेटे रोहित ने बताया कि मां ने डंडा मारकर गेट बंद कर दिया था। पिता ने बताया कि शनिवार को बेटी का जन्मदिन था और वे पिछले चार दिनों से उसकी तैयारी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें...
Indore News: कोर्ट ने बहू को चेताया, सास को परेशान मत करो, घर पर लगा ताला खोलकर दो
पत्नी बोली- कोई और मारकर चला गया
घटना के समय घर में केवल मां बीजल और 6 साल का बेटा मौजूद था। जब रवि ने पत्नी से बेटी की हालत के बारे में पूछा, तो उसने कहा कि "मैंने कुछ नहीं किया, कोई और मारकर चला गया।" लेकिन बेटे के बयान ने पुलिस को शक की दिशा दी।
मानसिक स्थिति थी अस्वस्थ
रवि ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले एक साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। पहले वह बच्चों की देखभाल अच्छे से करती थीं, लेकिन बीमार होने के बाद से उनका व्यवहार बदल गया था। घटना के बाद मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
मां पर हत्या का मामला दर्ज
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने जानकारी दी कि दो साल की बच्ची की हत्या के मामले में मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।