इंदौर के खजराना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां एक सिक्योरिटी गार्ड ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली और उसकी मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वैभव लक्ष्मी नगर में हुई। घायल सिक्योरिटी गार्ड की पहचान राम मनोहर भदौरिया के रूप में हुई है, जो एक गार्डन में नाइट ड्यूटी करते थे। सुबह जब वह घर लौटे तो किसी पारिवारिक मुद्दे पर कहासुनी हो गई, जिसके बाद उन्होंने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली।
गोली लगने से हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
राम मनोहर भदौरिया ने जैसे ही खुद को गोली मारी, तेज आवाज सुनकर परिजन तुरंत उनके पास पहुंचे। उन्होंने देखा कि गोली उनके जबड़े में लगी है और उनकी हालत गंभीर है। परिवार ने तत्काल उन्हें इंदौर के बॉम्बे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली जबड़े में लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने जब्त की बंदूक, शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खजराना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने राम मनोहर भदौरिया की लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक जब्त कर ली है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में इस घटना का मुख्य कारण पारिवारिक विवाद माना जा रहा है। हालांकि, मामले की पूरी सच्चाई जानने के लिए पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
भिंड के रहने वाले हैं राम मनोहर भदौरिया
राम मनोहर भदौरिया मूल रूप से मध्य प्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से इंदौर में रहकर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे। इस घटना से परिवार के सदस्य सदमे में हैं और उनकी हालत को लेकर चिंतित हैं। पुलिस परिजनों से भी बातचीत कर रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।