क्लब को प्लेटिनम श्रेणी में मिला सर्वोच्च पुरस्कार
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर में आयोजित रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3040 के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में रोटरी क्लब ऑफ इंदौर मेघदूत को वर्ष 2024-25 के लिए सर्वश्रेष्ठ क्लब घोषित किया गया। मध्य प्रदेश और गुजरात के 115 क्लबों के बीच आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनीश मलिक एवं डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड चेयर रोटेरियन सिम्मी मलिक ने की। समारोह में क्लब को प्लेटिनम कैटेगरी में शीर्ष स्थान दिया गया।
Indore: इंदौर नगर निगम का पोर्टल नहीं चला, अग्रिम जलकर, संपत्तिकर भरने की तिथि 31 जुलाई तक बढ़ाई
अध्यक्ष, सचिव और सह मंडलाध्यक्ष को भी मिले विशेष सम्मान
क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन मनीष शर्मा को सर्वश्रेष्ठ क्लब अध्यक्ष और सचिव सौरभ मुंदड़ा को सर्वश्रेष्ठ सचिव के पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं, डिस्ट्रिक्ट 3040 के सह मंडलाध्यक्ष रोटेरियन रजनीश जायसवाल को उनकी प्रभावशाली नेतृत्व क्षमता के लिए सर्वश्रेष्ठ सह मंडलाध्यक्ष घोषित किया गया। उनके नेतृत्व में क्लब द्वारा किए गए समाजसेवी कार्यों के लिए विशेष सराहना की गई।
स्वास्थ्य सेवाओं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य
रोटरी क्लब ऑफ इंदौर मेघदूत द्वारा संचालित रोटरी नेत्र परीक्षण केंद्र और मेघदूत फिजियोथेरेपी केंद्र में वर्षभर में लगभग 15,000 मरीजों का उपचार किया गया और जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं। क्लब की 'निर्मला योजना' के तहत स्लम क्षेत्रों में महिलाओं को सालभर सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए गए, जबकि ‘शिशु कल्याण योजना’ के अंतर्गत हजारों गर्भवती महिलाओं को 9 माह की नि:शुल्क दवा प्रदान की गई।
रोटेरियन सर्वप्रिय बंसल और घनश्याम सिंह को भी मिला सम्मान
रोटेरियन सर्वप्रिय बंसल को रोटरी इंटरनेशनल फाउंडेशन में सर्वाधिक दान देने के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उनके सहयोग से इंदौर कैंसर अस्पताल में कैंसर परीक्षण कार्यक्रम, चोइथराम अस्पताल को मोबाइल नेत्र परीक्षण वैन जैसी महत्वपूर्ण पहलें संभव हुईं। वहीं, क्लब की जनसंपर्क छवि को सशक्त बनाने में योगदान के लिए रोटेरियन घनश्याम सिंह को बेस्ट पब्लिक इमेज अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि क्लब के सभी मेडिकल प्रकल्पों में वितरित की जाने वाली दवाएं सह मंडलाध्यक्ष रोटेरियन रजनीश जायसवाल द्वारा उपलब्ध कराई जाती हैं।