शहर के राजमोहल्ला स्थित खालसा कॉलेज स्टेडियम में बुधवार को श्री गुरु नानक देवजी महाराज का 556वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री गुरु सिंघ सभा इंदौर के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सुबह और शाम को विशेष दीवान सजाए गए, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। इस वर्ष आयोजन समिति ने संगत की सुविधा के लिए कई नई और व्यवस्थित पहल कीं, जिससे लोगों को आवाजाही में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
यह भी पढ़ें...
Indore News: 80% लोगों को 'साइलेंट डिप्रेशन' दे रहा फोन, डॉक्टरों के शोध में हुआ बड़ा खुलासा
नई व्यवस्थाओं से संगत को मिली राहत
श्री गुरु सिंघ सभा इंदौर के अध्यक्ष हरपाल सिंह भाटिया एवं महासचिव प्रीतपाल सिंह भाटिया ने बताया कि गुरमति दीवान में शामिल होने वाली संगत के लिए इस बार विशेष व्यवस्थाएं की गईं। उन्होंने बताया कि पार्किंग को सुव्यवस्थित किया गया और पहली बार वैले पार्किंग की सुविधा दी गई, जिसके लिए 120 ड्राइवरों को तैनात किया गया था। इसके अतिरिक्त, लंगर की व्यवस्था को भी अधिक सुगम बनाया गया ताकि संगत को कोई असुविधा न हो।
व्यापारियों ने भी दिया सहयोग
खालसा कॉलेज के आसपास के व्यापारियों ने भी इस आयोजन में अभूतपूर्व सहयोग दिया। कमेटी सदस्यों और पार्षदों के निवेदन पर कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। अध्यक्ष भाटिया ने बताया कि पहले आवाजाही में संगत को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन व्यापारियों के इस सहयोग से इस बार यह समस्या नहीं हुई। आयोजन स्थल पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी पहुंचे और संगत को बधाई दी।
गुरुद्वारे का टैक्स और भविष्य की योजनाएं
अध्यक्ष हरपाल सिंह भाटिया ने जानकारी दी कि हम नई पीढ़ी की सोच पर काम कर रहे हैं और एजुकेशन व हेल्थ के क्षेत्र में भी कार्य कर रहे हैं। हमारा प्रयास गुरुनानक देवजी महाराज के बताए मार्ग पर चलना है।