जनवरी में शहर में प्रवासी भारतीय सम्मेलन होने वाला है। जिसमें विदेशों से आए मेहमानों की इंदौर अपने अंदाज में खातिरदारी करेगा। शहर की मशहूर फूड स्ट्रीट 56 दुकान के दुकानदारों ने फैसला किया है कि मेहमानों को 56 दुकान के सिग्नेचर व्यंजन मुफ्त में परोसे जाएंगे। दुकानों के कर्मचारी एक जैसी यूनिफार्म में रहेंगे और 56 दुकान के दोनों तरफ स्वागत गेट भी लगाएंगे। बता दें कि इंदौर के 56 दुकान ने भी स्वाद की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है और वर्षों से उस स्वाद को दुकानदारों ने बरकरार रखा है। तो आइए जानते हैं क्या हैं 56 दुकान के मशहूर व्यजंन और उसे कैसे बनाया जाता है।
सबसे पहले हम बात करते हैं यहां के प्रसिद्ध खोपरा पेटिस की। विजय चाट हाउस की बड़ी सी कढ़ाई पर जितना समय इसे तलने में लगता है। उससे आधे समय में यह बिक जाती है। पेटिस के ऊपर की परत शुद्ध आलू की होती है और भीतर सूखे मेवे, गीला और सूखा खोपरा, जीरा नमक, हल्की मिर्ची का उपयोग होता है। चटनी के बगैर यह डिश अधूरी है, क्योंकि अमचूर की लाल और पोदिना, लहसून और धनिए की हरी चटनी जब मुंह में पेटिस के साथ घुलती है तो स्वाद को यादगार बना देती है।