मेट्रो और बस स्टेशन का काम एक साथ।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में मेट्रो ट्रेन लेने में बाहर से आने वाले यात्रियों को सुविधा हो, इसलिए उसे बस और रेलवे स्टेशनों से भी जोड़ा जा रहा है। एमआर-10 रोड पर इंटर स्टेश बस स्टैंड का काम 80 प्रतिशत पूरा और मेट्रो स्टेशन का 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। छह माह के भीतर स्टेशन तैयार हो जाएंगे। एमआर-10 के बस स्टेशन को मेट्रो स्टेशन से जोड़ने के लिए इस हिस्से में मेट्रो ट्रेक को मोड़ा गया है। आठ लेन ब्रिज के पास मेट्रो ट्रेक बाई तरफ है, लेकिन बस स्टेशन दाई तरफ है, इसलिए ट्रेक को कर्व देकर बस स्टेशन के समीप ले जाया गया है।
लिफ्ट और एस्केलेटर से जुड़ेंगे दोनो स्टेशन
बस स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के बीच की दूरी सिर्फ डेढ़ सौ मीटर है। मेट्रो स्टेशन पर दो एस्केलेटर और दो लिफ्ट भी लगाई जाएगी। अगले साल 17 किलोमीटर लंबाई मेें रेडिसन काॅरिडोर तक मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन होना है, इसलिए अफसर अब मेट्रो स्टेशनों के निर्माण पर भी जोर दे रहे है। बस स्टेशन आठ माह बाद संचालित होने लगेगा।
सबसे ज्यादा स्टेशन काॅरिडोर पर
इंदौर के 31 किलोमीटर लंबे मेट्रो ट्रेक का निर्माण हो रहा है। इंदौर मेें 36 से ज्यादा मेट्रो स्टेशन बनेंगे, उनमे 9 स्टेशन सुपर काॅरिडोर पर है। डिपो के बाद बांगड़दा चौराहा, लवकुश चौराहा, टीसीएस चौराहा, आईएसबीटी, चंद्रगुप्त मोर्य प्रतिमा, बापट चौराहा के अलावा मेघदूत, विजय नगर और रेडिसन चौराहे के पास भी मेट्रो स्टेशन बनेंगे।
सात मेट्रो स्टेशन भूमिगत होगे, जो मध्य हिस्से में बनेंगे।मध्य हिस्से के सर्वे के बाद अब जमीनी काम नजर आएगा। मेट्रो ट्रेन कार्पोरेशन ने इंदौर के मध्य हिस्से के लिए टेंडर जारी कर दिए। यह इस प्रोजेक्ट के लिए पांचवां बड़ा टेंडर है। ढाई हजार करोड़ से ज्यादा के काम मध्य हिस्से में होंगे। इसमें मेट्रो के सात अंडरग्राउंड स्टेशन बनेंगे। इसके अलावा कान्ह नदी के नीचे टनल भी बनेगी।